वाशिंगटन, 21 जुलाई (आईएएनएस)। यूक्रेन में मॉस्को के प्रभाव को कम करने के मकसद से पेंटागन ने देश के लिए 20 करोड़ डॉलर बतौर सुरक्षा सहायता देने की घोषणा की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पेंटागन ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, “यह सहायता यूक्रेन बलों की रक्षात्मक क्षमता निर्माण के लिए अतिरिक्त प्रशिक्षण, उपकरण और परामर्श प्रयासों को निधि मुहैया कराएगी।”
बयान के मुताबिक, “यह सहायता अमेरिका और यूक्रेन के बीच दीर्घकालिक रक्षा संबंधों की पुष्टि करती है।” इस सहायता के साथ यूक्रेन को मुहैया कराई जाने वाली अमेरिकी सुरक्षा सहायता 2014 से कुल एक अरब डॉलर से ज्यादा हो चुकी है।
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को रूस द्वारा पूर्वी यूक्रेन में जनमत संग्रह कराने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था, जिसके बाद पेंटागन का यह बयान सामने आया है। रूस क्षेत्र का भाग्य तय करने के लिए जनमत संग्रह कराना चाहता है।
व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता गैरेट मारक्विस ने कहा, “यूक्रेन के एक हिस्से में तथाकथित जनमत संग्रह कराने की कोई वैधता नहीं होगी।” यह हिस्सा सरकार के नियंत्रण में नहीं है।
dharmpath.com dharmpath