चित्रकूट, 1 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के करारी गांव में बुधवार सुबह पुलिस ने एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थिति में गांव से कुछ दूरी पर खेत में एक पेड़ से फंदे से लटका हुआ बरामद किया है।
सदर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया, “दादू भाई सिंह (62) का शव बुधवार को गांव से कुछ दूर खेत में पेड़ की महज पांच फुट ऊंची डाली से फंदे पर लटका बरामद हुआ है। मृतक के पैर जमीन से घिसट रहे थे और शव के पास खून के धब्बे थे।”
उन्होंने बताया, “मृतक के परिजनों ने, दो सप्ताह पूर्व उसके बेटे राजा भैया सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली दलित महिला और उसके परिजनों पर हत्या कर फांसी पर लटकाने का मौखिक आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच की जा रही है।”
पुलिस ने बताया कि मृतक को बेटा राजा भइया अपराधी किस्म का है। वह इस समय घर से गायब है। घटना की कई बिंदुओं से जांच की जा रही है।
उधर, दुष्कर्म पीड़ित महिला के पति ने बताया कि राजा भइया सोमवार को उसके दरवाजे आया था और मामले में सुलह न होने पर हत्या कर फर्जी मुकदमा कर फंसाने की धमकी देकर चला गया था। सोमवार की शाम राजा भइया, उसके पिता और चाचा के बीच आपस में इसी मामले को लेकर खूब झगड़ा भी हुआ था।
dharmpath.com dharmpath