नई दिल्ली/मिलान, 4 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय विमानन एयर इंडिया ने शनिवार को कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में एक यात्री द्वारा कॉकपिट में प्रवेश की कोशिश किए जाने के बाद उसकी मिलान-दिल्ली फ्लाइट को फिर से इतालवी शहर लौटना पड़ा।
घटना गुरुवार सुबह की है। यात्री को पुलिस को सौंप दिया गया है।
विमानन कंपनी के मुताबिक, फ्लाइट में 250 से ज्यादा यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
नई दिल्ली में एयर इंडिया के एक अधिकारी ने शनिवार को आईएएनएस को बताया, “गुरुवार तड़के मिलान से उड़ाने भरने के बाद एक यात्री ने कॉकपिट में प्रवेश का प्रयास किया।”
उन्होंने कहा, “इसके पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है।”
विमानन कंपनी ने बाद में एक बयान में कहा, “निर्धारित समय पर उड़ान भरने के बाद एआई 138 मिलान-दिल्ली फ्लाइट सीट संख्या 32 सी पर बैठे गुरप्रीत सिंह द्वारा कॉकपिट में प्रवेश का प्रयास करने के कारण दो घंटे 37 मिनट लेट हुई।”
कंपनी ने कहा कि विमान को दोबारा से उतारा गया और हुड़दंगी को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
dharmpath.com dharmpath