राहुल, मनमोहन ने गुरुदास कामत के निधन पर शोक जताया (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

राहुल ने कहा कि उनका निधन पार्टी के लिए बड़ा झटका है।

राहुल ने ट्वीट किया, “वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत जी का अचानक निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ा झटका है। गुरुदास जी ने मुंबई में कांग्रेस पार्टी को खड़ा करने में काफी मदद की और सभी उन्हें बहुत सम्मान और प्यार करते थे। मेरी संवेदनाएं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

राहुल फिलहाल जर्मनी में हैं।

मनमोहन सिंह ने कहा, “गुरुदास कामत के अचानक निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थन करता हूं।”

खड़गे ने गुरदास कामत के बेटे को पत्र लिखा, “मैं आपके पिता के अचानक निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह जनता की सेवा को प्रतिबद्ध थे और महाराष्ट्र के जननेता थे। उन्हें देश और महाराष्ट्र की कांग्रेस पार्टी बहुत याद करेगी।”

कामत पेशे से वकील थे और उन्होंने एनएसयूआई व युवक कांग्रेस के नेता के तौर पर अपना करियर शुरू किया था।

खड़गे ने कहा, “उन्होंने अंतिम सांस तक पार्टी द्वारा दी गई हर जिम्मेजारी को पूरी निष्ठा से निभाया।”

गुरुदास कामत का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “गुरुदास कामत जी के अचानक निधन की खबर से दुखी हूं। इस क्षति को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493