बिहार : गैंगस्टर संतोष झा की अदालत परिसर में हत्या

सीतामढ़ी, 28 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा में चर्चित दोहरे इंजीनियर हत्या मामले सहित कई अन्य मामलों का आरोपी कुख्यात गैंगस्टर संतोष झा की मंगलवार को बदमाशों ने सीतामढ़ी अदालत परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी। संतोष को जेल से सीतामढ़ी व्यवहार न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। पूरी सुरक्षा व्यवस्था धरी रह गई।

पुलिस के अनुसार, संतोष झा को दोपहर के बाद एक मामले में पेशी के लिए अदालत लाया गया था, तभी दो से तीन की संख्या में आए बदमाशों ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए संतोष को निशाना बनाया और गोली मार दी। घायल अवस्था में संतोष को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रंजीत कुमार ने संतोष की हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके सिर में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक अदालतकर्मी भी घायल हुआ है, जो खतरे से बाहर बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में एक हमलावर को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या का मुख्य कारण आपराधिक गिरोहों के बीच आपसी रंजिश का मामला है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493