तेलंगाना मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा भंग करने पर अहम फैसले की संभावना

हैदराबाद, 5 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना मंत्रिमंडल की गुरुवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में समय पूर्व चुनाव कराने के लिए राज्य विधानसभा को भंग करने की सिफारिश किए जाने की संभावना है।

सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों को मंत्रिमंडल बैठक के लिए छह सितंबर को सुबह छह बजे मौजूद रहने को कहा है।

टीआरएस प्रमुख ‘6’ को अपना शुभ अंक मानते हैं और इस वजह से दो सितंबर को हुई मंत्रिमंडल बैठक में फैसला नहीं लिया गया।

मंत्रिमंडल द्वारा राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन को विधानसभा भंग करने की सिफारिश के लिए एक प्रस्ताव पारित करने की उम्मीद है। विधानसभा का कार्यकाल मई 2019 तक है और सामान्य क्रम में विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव के साथ आयोजित किया जाना चाहिए।

मंत्रिमंडल की बैठक से पहले राज्य की राजधानी में बुधवार को राजनीतिक गलियारों में काफी गहमा-गहमी दिखाई दी। प्रमुख सचिव एस.के.जोशी, सरकार के मुख्य सलाहकार राजीव शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ए.नरसिंह राव व विधानसभा सचिव नरसिम्हाचार्युलु ने बुधवार को नरसिम्हन से मुलाकात की।

केसीआर ने भी शीर्ष नेताओं के साथ कई बैठकें की।

विधानसभा भंग करने की सिफारिश के एक दिन बाद केसीआर सात सितंबर को सिद्धिपेट जिले के हुसनाबाद में एक सार्वजनिक सभा में चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।

इस सभा को ‘प्रजाला आशीर्वाद सभा’ का नाम दिया गया है। यह टीआरएस द्वारा अगले 50 दिनों योजनाबद्ध की गई 100 सार्वजनिक सभाओं की पहली सभा होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493