नवादा, 18 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के हिसुआ थाना क्षेत्र में सोमवार की रात ग्रामीणों ने एक युवक की चोर के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, लवरपुरा गांव के रहने वाले संजय राजवंशी के घर चार लोग रात को चोरी करने की नीयत से घुसे थे, उनकी आहट पाकर घर की महिलाएं जाग गईं और शोर मचाने लगीं।
शोर सुनकर घर और गांव के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखकर सभी चोर भागने लगे, मगर भाग रहा एक व्यक्ति गांव वालों के हाथ लग गया। ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
हिसुआ के थाना प्रभारी राजदेव ने मंगलवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और घायल व्यक्ति को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान नरहट थाना के चातर गांव निवासी रूपन मांझी के रूप में की गई है। मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath