मुंबई, 21 सितंबर (आईएएनएस)। जेट एयरवेज की एक उड़ान में आई परेशानी के कारण यात्रियों के बीमार पड़ने और 30 यात्रियों के कान और नाक से खून बहने की घटना के एक दिन बाद मुंबई के एक कार्यकर्ता ने शुक्रवार को पुलिस से एयरलाइन पर ‘हत्या की कोशिश’ का मुकदमा चलाने की मांग की है।
कार्यकर्ता असद अशरफ पटेल एक स्थानीय समाचारपत्र भी चलाते हैं। उन्होंने अपने वकील राजकुमार लक्ष्मण अर्जुन राव राजहंस के माध्यम से सहार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
चार पन्नों की अपनी शिकायत में पटेल ने जेट एयरवेज के क्रू पर अपने ‘कर्तव्य की उपेक्षा’ और ‘खराब आपदा प्रबंधन’ का इल्जाम लगाया है, जिसके कारण मुंबई-जयपुर उड़ान संख्या 9डब्ल्यू-0697 में 20 सितंबर को यह घटना हुई।
शिकायत में कहा गया है कि मीडिया में आई खबरों को देखने के बाद उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा (सीएसएमआईए) के अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी ली, जिसकी उन्होंने पुष्टि की।
पटेल ने कहा, “एक घंटे की ऊंची उड़ान के बाद विमान की आपातकालीन लैंडिंग हुई और करीब 30 यात्री खून से सने (कान और नाक) थे, और बाकी यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिससे यात्री मरने जैसी हालत में आ गए थे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह विमान पर सवार सभी 166 यात्रियों की ‘हत्या की कोशिश’ थी, इसलिए भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath