सऊदी अरब के शाह ने एर्दोगन से लापता पत्रकार मामले पर बात की

रियाद, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद ने तुर्की के राष्ट्रपति रिसेप तय्यप एर्दोगन से इस्तांबुल में लापता हुए सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी के बारे में बात की।

सऊदी प्रेस एजेंसी और तुर्की की सरकारी एनादोलू एजेंसी की रविवार की रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों देश खशोगी मामले पर चर्चा करने के लिए ‘कार्यकारी समूह’ बनाने पर विचार कर रहे हैं।

समूह के गठन की आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं है लेकिन इसके गठन पर चर्चा सऊदी अरब पर तीव्र अंतर्राष्ट्रीय दबाव के बीच शुरू हुई है।

‘द वाशिंगटन पोस्ट’ के स्तंभकार खशोगी सऊदी अरब के शाही साम्राज्य के आलोचक रहे हैं। वह दो अक्टूबर को इस्तांबुल में सऊदी दूतावास में प्रवेश करने के बाद लापता हो गए थे। वह वहां कुछ जरूरी दस्तावेज लेने आए थे ताकि वह अपनी तुर्की की मंगेतर के साथ शादी कर सकें।

खशोगी के लापता होने की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अगर सऊदी अरब खशोगी की हत्या में शामिल पाया जाता है तो उसे इसकी गंभीर सजा मिलेगी। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी ने मामले की विश्वसनीय जांच की मांग की है।

तुर्की के अधिकारियों का मानना है कि दो अक्टूबर को सऊदी अरब के पंद्रह लोग इस्तांबुल आए थे और इनका हाथ खशोगी के गायब होने या हत्या में हो सकता है।

सऊदी अरब ने आरोपों से इनकार किया है।

ओमान, बहरीन, जार्डन, फिलिस्तीन, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र ने बयान जारी कर सऊदी अरब का समर्थन किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493