बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने दुर्गापूजा और दशहरा की बधाई दी

पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बिहारवासियों और देशवासियों को दुर्गापूजा और दशहरा की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल टंडन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है, “विजयादशमी असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय, अहंकार पर नम्रता, शोषण पर त्याग, वैमनस्य पर प्रेम, दुराचरण पर सदाचार तथा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व है।”

राज्यपाल ने बिहार के लोगों से भाईचारा और प्रेम के साथ इस पर्व को आयोजित करने की अपील करते हुए कहा कि इससे हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा एवं राष्ट्रीयता की भावना सुदृढ़ एवं सुविकसित हो सके।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी लोगों को दुर्गापूजा और दशहरा की शुभकामनाएं दी हैं। नीतीश ने अपने संदेश में कहा, “दुर्गा पूजा एवं दशहरा का पर्व हर्ष एवं उल्लास का पर्व है। दशहरा पर्व को विजय पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह हमारे जीवन में संयम एवं आत्मिक बल का संचरण करने वाला पर्व है।”

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को पारस्परिक सद्भाव, आपसी भाईचारा एवं शांतिपूर्ण तरीके से हषरेल्लास के साथ मिलजुलकर मनाने का आहवान किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493