दिल्ली में सिख खेलों का आयोजन 22 दिसंबर से

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के सिख बच्चों की विशिष्ट खेल प्रतिभा उजागर करने तथा स्कूली सिख बच्चों को मोटापे तथा नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए दिल्ली में पहली बार 22 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक त्यागराज स्टेडियम में सिख खेलों का आयोजन किया जाएगा।

आस्ट्रेलिया के बाहर पहली बार आयोजित किए जाने वाले इन खेलों को धर्मार्थ सिख संस्था जप-जाप सेवा ट्रस्ट द्वारा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा पंजाबी अकादमी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

एक बयान में कहा गया है कि इस आयोजन में लगभग 3 हजार सिख खिलाड़ी खेलों में सिखों की पहचान को उजागर कर सिख समुदाय को खेलों से भावानात्मक रूप से जोड़कर राजधानी के सिखों में भावानात्मक एकता का सूत्र पिरोने का प्रयत्न करेंगे।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने बताया कि इन खेलों का शुभारंभ सिख मार्शल आर्ट गतका, भंगड़ा, गिद्दा आदि सिख सांस्कृतिक विरासतों के प्रदर्शन के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन खेलों के आयोजन के प्रति जागृति पैदा करने के लिए 7 अक्टूबर को इंडिया गेट से गुरुद्वारा रकाबगंज के बीच आयोजित मैराथन दौड़ में लगभग 1200 सिख बच्चों ने भाग लिया।

मनजीत सिंह जीके ने कहा, “आयोजन में गतका, कबड्डी, रस्साकशी, बाजू मरोड़ना जैसे परम्परागत सिख खेलों के अलावा आधुनिक साइकलिंग, जिमनास्टिक, एथलेटिक्स तथा बास्केटबाल जैसी 14 खेल स्पर्धओं में 39 सिख शिक्षण संस्थाओं सहित कुल 100 शिक्षण संस्थाओं के लगभग 3 हजार सिख खिलाड़ी अपना भाग्य अजमाएंगे।”

उन्होंने कहा कि मुख्य आयोजन त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा जबकि कुछ अन्य मुकाबले यमुना स्पोर्ट काम्पलेक्स तथा माता गुजरी पब्लिक स्कूल में आयोजित किए जाएंगे।

जप-जाप सेवा ट्रस्ट के आयोजक हरजीत सिंह ने बताया कि इन खेलों के सफल आयोजन में सिख समुदाय की जानीमानी हस्तियांे ने सक्रिय भागीदारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सिख खेलों के सफल आयोजन से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सिख खेलों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493