नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। दर्शकों की मौजूदगी और विविधता के मामले में दिल्ली का सबसे बड़ा सांस्कृतिक महोत्सव, पूर्वोत्तर महोत्सव का छठा संस्करण जनपथ के आईजीएनसीए (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र) में आयोजित होने वाला है।
एक बयान में कहा गया है कि इस साल 26 से 28 अक्टूबर तक होने वाले इस महोत्सव के दौरान रंगारंग आयोजन होंगे तथा अभिनय के माध्यम से पूर्वोत्तर की शानदार संस्कृति को पेश किया जाएगा।
बयान के मुताबिक, महोत्सव साल दर साल और भव्य होता जा रहा है। इस महोत्सव ने मनोरंजक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक वस्तुओं और स्थानीय पकवानों की बदौलत दिल्ली के लोगों का ध्यान आकर्षित कर लिया है।
पूर्वोत्तर महोत्सव इस क्षेत्र के गंभीर मुद्दों को भी सामने लाता है। असम के नेशनल रजिस्ट्रर ऑफ सिटिजनशिप (एनआरसी) के ज्वलंत मुद्दे को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष के पूर्वोत्तर महोत्सव में एक विशेष संगोष्ठी ‘एनआरसी : असत्य, आधा सत्य और सत्य’ आयोजित की जाएगी।
महोत्सव में एक कला प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी जिसमें इस क्षेत्र के प्रतिभाशाली कलाकार कैनवास पर रंगों को उकेरेंगे। इनके अलावा एक फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी जो पूर्वोत्तर के प्रमुख त्यौहारों और जनजातियों के अलावा पूर्वोत्तर भारत के पर्यटक स्थलों को दर्शाएगी। दिन के कार्निवल में त्रिपुरा का होजागिरी नृत्य, नागा वारियर नृत्य, बांस : चेरोद्ध नृत्य जैसे पूर्वोत्तर के सुंदर नृत्य रूप पेश किए जाएंगे।
पूर्वोत्तर महोत्सव के संस्थापक और मुख्य आयोजक श्यामकनु महंता ने कहा, “पूर्वोत्तर महोत्सव का सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू यह है कि यह दिल्ली से जुड़ने में सक्षम रहा है और इसने इस अंतर को पाटने में मदद की है। इसने पूर्वोत्तर के लोगों के लिए देशभर के लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करने में मदद की है। हम इस साल महोत्सव और भी बड़ा होने का वादा करते हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं महोत्सव आयोजित करने में सहयोग प्रदान करने के लिए आईजीएनसीए की तहे दिल से सराहना करता हूं।”
dharmpath.com dharmpath