कर्नाटक उपचुनाव : जेडीएस, कांग्रेस को बढ़त (लीड-1)

बेंगलुरू, 6 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) और कांग्रेस लोकसभा की तीन और विधानसभा की दो सीटों पर हो रही मतगणना में दो-दो सीटों पर आगे चल रही है।

निर्वाचन अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी।

सुबह 9:45 तक मिले शुरुआती रुझानों के मुताबिक, ऐसी उम्मीद है कि भाजपा शिमोगा सीट बरकरार रख सकती है लेकिन वह पार्टी बेल्लारी सीट गंवा सकती है। इस सीट पर वह एक लाख से अधिक वोटों से पीछे है।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को यहां बताया कि रामनगर और मांड्या सीट पर जेडीएस आगे है जबकि कांग्रेस जामखंडी और बेल्लारी पर आगे चल रही है।

बेल्लारी (आरक्षित), मांड्या व शिमोगा लोकसभा सीटों और जामखंडी व रामनगर विधानसभा सीट पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। यहां तीन नवंबर को उपचुनाव हुए थे।

जामखंडी विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आनंद सिद्दू न्यामगौड़ा भाजपा के श्रीकांत कुलकर्णी से 16,516 वोटों से आगे चल रहे हैं।

रामनगर विधानसभा क्षेत्र से जेडीएस से मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी की पत्नी अनिता कुमारस्वामी ने भाजपा के एल.ए. चंद्रशेखर पर 34,995 वोटों की भारी बढ़त बनाई हुई है।

चंद्रशेखर उपचुनाव से मात्र कुछ दिन पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में दोबारा शामिल हुए थे।

बेल्लारी लोकसभा सीट (आरक्षित) से कांग्रेस के वी.एस. उगरप्पा भाजपा की जे. शांता से करीब 1,00,723 वोटों से आगे चल रहे हैं।

मांड्या लोकसभा सीट से जेडीएस के एल. शिवराम गौड़ा भाजपा के सिद्दारमैया पर 38,920 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।

शिमोगा संसदीय सीट पर भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के बेटे बी.वाई. राघवेंद्र जेडीएस के प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा से 9,665 वोटों से आगे चल रहे हैं।

मतगणना केंद्रों के रूप में इंजीनियरिंग और सरकारी कॉलेजों में वोटों की गिनती की जा रही है।

इन उपचुनावों में 54.5 लाख मतदाताओं में से करीब 66 फीसदी ने मतदान किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493