नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के तीन दिन बाद भी दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हो पाया है। इसे देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय से नियुक्त पर्यावरण प्रदूषण (नियंत्रण एवं रोकथाम) प्राधिकरण (ईपीसीए) ने निर्माण कार्यो एवं ट्रकों के राजधानी में प्रवेश पर प्रतिबंध की मियाद बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले निर्माण कार्यो एवं ट्रकों के प्रवेश पर 10 नवंबर तक रोक का निर्देश जारी किया गया था।
ईपीसीए ने शनिवार को दिल्ली सरकार को आदेश दिया कि निर्माण कार्यो एवं ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध 12 नवंबर तक बढ़ा दिया जाए। ये प्रतिबंध दो नवंबर को लगाए गए थे।
दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 401 के साथ गंभीर स्तर का रहा।
आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करने वाले ट्रकों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने राज्यों को लिखे पत्र में ट्रांसपोर्टरों एवं पुलिस से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ट्रक दिल्ली में प्रवेश न करें।
dharmpath.com dharmpath