किसानों की कर्जमाफी के वादे पर कायम रहेंगे : राहुल

अलवर, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो किसानों की कर्जमाफी का वादा हरहाल में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने यहां एक समारोह में कहा, “हम किसानों से किए कर्जमाफी के वादे से एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने किसानों का नहीं, केवल उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया।

राहुल ने मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने 2014 लोकसभा चुनाव से पहले प्रत्येक वर्ष युवाओं के लिए दो करोड़ नौकरियों का सृजन करने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा नहीं किया।

उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या प्रधानमंत्री और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा किए गए नौकरियों के वादे के अनुसार उन्हें नौकरियों मिलीं?

उन्होंने कहा, “अगर आपको नौकरियां नहीं मिलीं तो क्या इससे स्पष्ट नहीं होता कि प्रधानमंत्री ने अपने झूठे वादे से आपके साथ धोखा किया?”

कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी पर कालेधन के मामले में निशाना साधा और कहा कि नोटबंदी बाजार से काले धन को हटाने की पहल नहीं थी, बल्कि यह कुछ चुनिंदा लोगों को उनके काले धन को सफेद करने में मदद करने की पहल थी।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और अनिल अंबानी की जेब में पैसा डालना चाहते थे।”

राहुल ने एलपीजी सिलेंडर के मूल्य में संप्रग सरकार के कार्यकाल के दौरान 300 से अब 1000 रुपये प्रति सिलेंडर हो जाने पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी सरकार बनाएगी और सरकार गठन के 10 दिनों के अंदर ही किसानों के कर्ज माफ कर देगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493