अदालत के निर्णय की प्रतीक्षा नहीं होगी, राममंदिर निर्माण जल्द शुरू होगा : वेदांती

लखनऊ/बहराइच, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। रामजन्म भूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रामविलास वेदांती ने शुक्रवार को कहा कि अब सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की प्रतीक्षा नहीं की जाएगी। 2019 चुनाव से पहले ही मंदिर का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने साफ किया कि सिर्फ शिवसेना के इसके लिए कानून के समर्थन में आने से कुछ नहीं होने वाला है। इसके लिए सभी को आगे आना होगा।

वेदांती उत्तर प्रदेश के बहराइच के भिनगा में चल रही रामकथा में हिस्सा लेने आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से यह बात कही।

वेदांती ने कहा, “आतंकवादियों को मुक्त कराने के लिए रात को 12 बजे सर्वोच्च न्यायालय खुल सकता है। लेकिन राम मंदिर में लेटलतीफी चल रही है। हमारे देश के लोगों का भरोसा न्यायाधीशों से कम होता जा रहा है और इस बीच ऐसे निर्णय आ रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “संविधान और संस्कृति के विपरीत विवाहित हिन्दू औरत किसी दूसरे पुरुष से संबंध बना सकती है, ऐसा निर्णय हमारे सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश दे सकते हैं। लेकिन करोड़ों हिन्दुओं की आस्था वाले सवाल पर उनके पास समय नहीं है।”

उन्होंने कहा, “अब ज्यादा इंतजार नहीं किया जाएगा। अतिशीघ्र राम मंदिर का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।”

अयोध्या में राममंदिर निर्माण को लेकर विहिप और साधु-संत लगातार सरकार पर दबाव बना रहे हैं। इसी क्रम में अयोध्या में बड़ी धर्म संसद भी बुलाई गई थी। अब दिल्ली में संतों का जमावड़ा होने जा रहा है। इसके बाद मंदिर मुद्दे को लेकर कुंभ में संत मंथन करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493