दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में फंसे अभिषेक की कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें (फोटो सहित)

भोपाल, 24 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और कई नेताओं पर अर्नगल टिप्पणी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अभिषेक मिश्रा की कांग्रेस के कई नेताओं से तस्वीरों के जरिए करीबी सामने आ रही है। वहीं, कांग्रेस ने अभिषेक के पार्टी से जुड़े होने से इनकार किया है।

अभिषेक मिश्रा को मंगलवार की रात को दिल्ली पुलिस ने कोहेफिजा थाना क्षेत्र में राजीव नगर स्थित आवास से पकड़ा था। बुधवार तक अभिषेक के अपहरण की आशंका जताई गई उसके पिता अशोक मिश्रा ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

अभिषेक की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें साझा की जा रही हैं। इन तस्वीरों में अभिषेक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सांसद दिग्विजय सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी के साथ नजर आ रहा है। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर अभिषेक लगातार वरिष्ठ नेताओं पर अनर्गल टिप्पणी करता नजर आ रहा है।

सूत्रों का दावा है ताजा मामला एक केंद्रीय मंत्री पर टिप्पणी करने का है, जिसमें उसने मंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी की हैं। इसी आधार पर दिल्ली पुलिस उसे पकड़कर ले गई है। अभिषेक सोशल मीडिया और यू ट्यूब पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ तरह-तरह की टिप्पणी करता रहा है। उसका एक ट्वीट काफी चर्चाओं में रहा जिसमें उसने हाथ पर प्रधानमंत्री के खिलाफ लिखा है। हाथ पर लिखा संदेश ट्वीट भी किया। इसमें उसने लिखा है, “मेरा पीएम चोर है।”

अभिषेक के कांग्रेस कार्यकर्ता होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के आईटी विभाग के अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा है कि अभिषेक कांग्रेस से नहीं जुड़ा है, मगर वह प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा के खिलाफ व कांग्रेस के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखता रहता है।

ज्ञात हो कि, अभिषेक मिश्रा को दिल्ली पुलिस द्वारा बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिए गिरफ्तार कर ले जाने पर मध्य प्रदेश सरकार ने कड़ी आपत्ति की है। राज्य के गृह विभाग ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराते हुए दिल्ली पुलिस की इस कार्यवाही को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन बताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493