बिहार : ‘ससुर’ ने दामाद की गोली मारकर हत्या की

हाजीपुर, 6 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में एक पिता ने बुधवार को अपनी लड़की के साथ भागकर प्रेमविवाह करने वाले अपने ‘दामाद’ की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि वैशाली जिले के लालगंज का रहने वाला रूपेश कुमार तिवारी अपनी पत्नी तारा कुमारी के साथ कोनहारा गांव में एक किराए के मकान में रहता था। आरोप है कि बुधवार सुबह तारा के पिता अपने एक मित्र के साथ आए और घर में सो रहे अपने दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी।

नगर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मृतक रूपेश पहले पटना के दानापुर में काम करता था। इस दौरान उसकी तारा कुमारी से मुलाकात हुई और दोनों में प्यार हो गया। इसके बाद तारा ने फरवरी महीने में घर से भाग कर रूपेश से शादी कर ली और वे दोनों यहां आकर रहने लगे।

थाना प्रभारी ने बताया, “मृतक की पत्नी तारा के बयान पर हत्या की एक प्राथमिकी हाजीपुर नगर थाना में दर्ज कर ली गई है, जिसमें उन्होंने अपने पिता मुक्कू बाबा सहित दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।”

सिंह ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493