शिमला, मनाली में बिछी बर्फ की चादर

शिमला, 14 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में बुधवार को हिमपात हुआ। बर्फबारी से पर्वतीय इलाकों की खूबसूरती और बढ़ गई है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “शिमला और इसके करीबी पर्यटन स्थलों पर आज (बुधवार) सुबह से बर्फबारी हो रही है।”

शिमला में बर्फीली हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान घटकर एक डिग्री सेल्सियस हो गया है, जिससे स्थानीय लोग ठिठुर गए हैं।

मनाली में मंगलवार आधी रात को बर्फबारी शुरू हुई। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।

शिमला के करीबी पर्यटन स्थल जैसे कुफरी एवं नरकंडा और मनाली में सोलांग की ऊंची ढलानों पर ताजा हिमपात हुआ है।

अधिकारी ने कहा, “लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, किन्नौर, सिरमौर और शिमला जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से लेकर भारी बर्फबारी हुई है।”

राज्य के धर्मशाला, पालम, सोलन, नाहन, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जैसे निचले इलाकों में बारिश होने से रात और दिन दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

धर्मशाला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री व किन्नौर जिले के कल्पा में शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। धर्मशाला में 12.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि कल्पा में 13 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493