रोनाल्डो, मेसी के बीच प्रतिद्वंद्विता हमारे लिए उपयोगी : पुर्तगाल कोच

लिस्बन, 14 जनवरी (आईएएनएस)। पुर्तगाल के राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कोच फर्नान्डो सांतोस ने कहा है कि ‘बैलन डी ऑर’ पुरस्कार के दौरान क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के बीच दिखी प्रतिद्वंद्विता पुर्तगाल के लिए उपयोगी साबित होगी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, रोनाल्डो ने ज्यूरिख में आयोजित फीफा सम्मान समारोह में लगातार दूसरी बार यह पुरस्कार जीता।

रोनाल्डो को 37.66 प्रतिशत जबकि मेसी को 15.76 प्रतिशत मत मिले।

पुर्तगाल के कोच ने लुसा न्यूज एजेंसी से मंगलवार को कहा कि वह रोनाल्डो की उपलब्धि से बेहद खुश हैं और बैलन डी ऑर पुरस्कार इस बात की पुष्टि करता है कि वह विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी हैं।

रोनाल्डो ने पिछले चैम्पियंस लीग सत्र में सर्वाधिक 17 गोल करते हुए नया कीर्तिमान कायम किया था। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत ही रियल मेड्रिड भी 10वीं बार चैम्पियंस लीग जीतने में सफल रहा।

रोनाल्डो का यह तीसरा बैलन डी ऑर पुरस्कार है। सबसे पहले वह 2008 में यह पुरस्कार जीतने में सफल रहे थे।

पुरस्कार जीतने के बाद रोनाल्डो ने कहा था कि वह इस मामले में मेसी की बराबरी करना चाहते हैं, जिनके नाम सर्वाधिक चार बैलन डी ऑर पुरस्कार हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493