शत्रुघ्न की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में शामिल

लखनऊ, 16 अप्रैल(आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए अभिनेता-सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। वह लखनऊ संसदीय सीट से सपा-बसपा गठबंधन की उम्मीदवार हो सकती हैं।

सपा के ट्विटर हैंडल पर जारी पोस्ट के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने पूनम सिन्हा को सपा की दस्यता दिलाई।

पूनम के सपा में शामिल होने के बाद अब लखनऊ से उनके गठबंधन का उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। माना जा रहा है कि यहां से कांग्रेस कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी।

सूत्रों के अनुसार, शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान पूनम के लिए लोकसभा का टिकट मांगा था। सपा चाहती थी कि पहले शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल हो जाएं, ताकि लखनऊ सीट से विपक्ष का एक साझा उम्मीदवार मैदान में हो।

कांग्रेस ने सपा-बसपा गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ने की बात कही है। लखनऊ सीट उनमें से एक होगी। विपक्ष लखनऊ सीट पर राजनाथ सिंह को कड़ी चुनौती देना चाहता है। इसलिए वह संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारकर राजनाथ सिंह को घेरना चाहता है। सपा ने इस सीट पर अपना गुणा-भाग कर लिया है।

65 साल की पूनम सिन्हा ने शुरुआती दिनों में कुछ बॉलीवुड फिल्मों में काम किया था। लेकिन साल 1980 में शत्रुघ्न से शादी करने के बाद उन्होंने रूपहले पर्दे से पूरी तरह किनारा कर लिया।

पूनम ने कोमल नाम से हिंदी फिल्मों में कदम रखा था। फिल्मों में आने से पहले वह मिस यंग इंडिया प्रतियोगिता की विजेता भी रह चुकीं थीं। इसी के बाद उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की थी। कुछ साल पहले आशुतोष गोवारीकर की फिल्म जोधा अकबर से उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493