भोपाल, 15 जनवरी (आईएएनएस)। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों में ठंड का जोर बढ़ने के आसार हैं।
राज्य में गुरुवार को सर्द हवाओं का असर बना हुआ है, कोहरा व धुंध छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। धूप जरूर खिली है, लेकिन हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही हैं। कोहरे के कारण दिल्ली की ओर से आने वाली कई गाड़ियां अपने निर्धारित समय से कई घंटों की देरी से चल रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के उत्तरी-पश्चिमी हिस्से में हवाओं के साथ बादल बरस सकते हैं। वहीं घना कोहरा छाने के साथ शीतलहर का असर बना रहेगा। पाला भी पड़ सकता है।
राज्य में बीते 24 घंटों में तापमान में वृद्धि हुई है। गुरुवार को भोपाल और इंदौर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री तथा जबलपुर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
इससे पहले बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री, ग्वालियर का 20.2 डिग्री तथा जबलपुर का अधिकतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath