नक्सल प्रभावित बालाघाट में निर्दलीय उम्मीदवार का वाहन फूंका

बालाघाट, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट संसदीय क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्र लांजी में रविवार रात अज्ञात लोगों ने निर्दलीय उम्मीदवार किशोर समरीते के वाहन में आग लगा दी। इसमें नक्सलियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

समरीते ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि वे रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि लगभग तीन बजे लांजी विधानसभा क्षेत्र से दौरा करके लौट रहे थे। इसी दौरान चोरिया गांव के पास एक मंदिर में दर्शन के लिए रुके तभी 18 से 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया और वाहन से उतारने के बाद उनके वाहन (पजेरो) को आग लगा दी। समरीते पैदल चलते हुए सुबह लगभग साढ़े पांच बजे लांजी पहुंचे और घटना की जानकारी दी।

बालाघाट के पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने सोमवार को संवाददाताओं से किशोर समरीते के वाहन को जलाए जाने की पुष्टि की है, मगर इसमें नक्सलियों का हाथ होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

किशोर समरीते पूर्व विधायक हैं, अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए चुनाव आयोग से आर्थिक सहायता दिए जाने के अलावा बैंक से कर्ज दिलाने की मांग की थी।

ज्ञात हो कि, राज्य के छह संसदीय क्षेत्रों में सोमवार को मतदान हो रहा है। इनमें बालाघाट नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। यहां के नक्सल प्रभावित विधान सभा क्षेत्र बैहर, लांजी एवं परसवाड़ा में मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शाम चार बजे तक चलेगा, वहीं शेष सभी क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493