हरिशंकर ब्रह्मा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला

नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। हरिशंकर ब्रह्मा ने शुक्रवार को देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाल लिया। वह वी.एस. संपत की जगह लेंगे। संपत का कार्यकाल गुरुवार को पूरा हो गया।

पदभार ग्रहण करने के बाद ब्रह्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता दिल्ली में विधानसभा चुनाव निष्पक्ष एवं स्वतंत्र संपन्न करवाने की होगी। साथ ही वह चुनाव प्रबंधन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नई तकनीकों के इस्तेमाल पर बल देंगे।

ब्रह्मा ने कहा, “मेरी प्राथमिकता और मिशन यह सुनिश्चित करना है कि हम दिल्ली विधानसभा के चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न करा सकें।”

उन्होंने कहा, “मेरा व्यक्तिगत प्रयास रहेगा कि चुनाव प्रबंधन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए। इंटरनेट और डिजिटल तकनीक दोनों हमारे चुनाव प्रबंधन विशेषकर मतदान की गुणवत्ता को सुधार सकते हैं।”

ब्रह्मा 25 अगस्त, 2010 से चुनाव आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जे.एम. लिंगदोह के बाद ब्रह्मा मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने वाले पूर्वोत्तर के दूसरे अधिकारी हैं।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के साल 1975 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के अधिकारी 60 वर्षीय ब्रह्मा असम के निवासी हैं। वह पूर्व में केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में सचिव के पद पर अपनी सेवा दे चुके हैं।

19 अप्रैल, 1950 को जन्मे ब्रह्मा ने गुवाहाटी विश्वविद्यालय (असम) से राजनीतिक विज्ञान में स्नातकोत्तर और सेंट एडमंड्स कॉलेज, शिलांग से स्नातक की डिग्री हासिल की। उन्होंने गुवाहाटी के डॉन बॉस्को स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493