शिमला, 17 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार तीन नए मेडिकल कॉलेज खोलेगी। इनमें से एक मेडिकल कॉलेज हमीरपुर जिले में खोला जाएगा।
हमीरपुर जिले के पातलंदर गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इलाके ने विकास में तेजी से उन्नति की है।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार ने तीन मेडिकल कॉलेज खोलने का फैसला किया है और उनमें से एक हमीरपुर जिले में खोला जाएगा, जिसके लिए 190 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।”
विपक्षी दल भाजपा पर ताना कसते हुए वीरभद्र ने कहा कि कुछ लोग उन पर कुछ निश्चित इलाकों के प्रति प्रतिशोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हैं, जबकि उन्होंने हमेशा पूरे राज्य को एक जैसा माना है और वह सभी इलाकों के समान रूप से विकास में भरोसा रखते हैं।
भाजपा और विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल का नाम लिए बगैर वीरभद्र ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेताओं का कहना था कि सरकार राजनीतिक विद्वेष के कारण उन्हें परेशान कर रही है। लेकिन सच यह है कि चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ एक आरोप पत्र दायर किया था।
हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र प्रेम कुमार धूमल का गृहक्षेत्र है। संसद में हमीरपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व उनके बेटे अनुराग ठाकुर करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath