नाइजीरिया के दौरे पर जाएंगे विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन 11 से 13 जून तक नाइजीरिया के दौरे पर होंगे। मंगलवार को इसकी घोषणा की गई।

विदेश राज्य मंत्री के रूप में मुरलीधरन की यह पहली विदेश यात्रा है।

एक प्रेस बयान में कहा गया, “मुरलीधरन अबुजा में ‘डेमोक्रेटिक डे’ समारोह में शामिल होंगे और 12 जून को नाइजीरियाई नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। उनके अफ्रीकी नेताओं से भी मिलने की उम्मीद है, जो ‘डेमोक्रेटिक डे’ में शामिल होंगे।”

मंत्री 13 जून को लागोस भी जाएंगे।

वह अबुजा और लागोस दोनों में भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगे।

भारत-नाइजीरिया संबंध पारंपरिक रूप से मैत्रीपूर्ण रहे हैं और 2007 में द्विपक्षीय साझेदारी को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ा दिया गया।

दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा सहयोग भी है।

वर्ष 2017-18 में 11.76 अरब डॉलर के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार के साथ, नाइजीरिया अफ्रीका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, और भारत विश्व स्तर पर नाइजीरिया का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।

नाइजीरिया कच्चे तेल का पांचवां सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता और भारत के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता भी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493