युकी के खेल के कायल हुए एंडी मरे

मेलबर्न, 19 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी और मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन एंडी मरे ने सोमवार को भारतीय खिलाड़ी युकी भांबरी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी मौजूदा विश्व वरीयता से कहीं ज्यादा बेहतर खिलाड़ी हैं।

मरे ने आस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग के अपने अभियान की शुरुआत युकी पर मिली 6-3, 6-4, 7-6 (3) की जीत से की।

मैच के दौरान हालांकि छठे वरीय मरे को जीत के लिए युकी के खिलाफ कड़ा संघर्ष करना पड़ा। तीसरे सेट में तो युकी एक समय मरे पर 4-1 की बढ़त बनाने में कामयाब हो गए थे। मरे ने हालांकि वापसी करते हुए यह सेट टाइ-ब्रेक में जीता।

मैच के बाद मरे ने कहा, “युकी पूरे मैच में अच्छा खेले। बीते साल में वह ज्यादातर चोट से प्रभावित रहे। मुझे नहीं लगता कि उन्हें विश्व के 317वें वरीयत क्रम पर रखा जाना चाहिए।”

गौरतलब है कि 22 वर्षीय भांबरी आस्ट्रेलियन ओपन के मुख्य ड्रा में शामिल किए जाने वाले सबसे निचले वरीयता वाले खिलाड़ी रहे।

भांबरी की हार के साथ ही आस्ट्रेलियन ओपन के एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है।

रोहन बोपन्ना, लिएंडर पेस, महेश भूपति और सानिया मिर्जा टूर्नामेंट के युगल वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493