एचआईएल में शामिल हों पाकिस्तानी खिलाड़ी : सरदार सिंह

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह ने सोमवार को कहा कि हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में हिस्सा लेने की मंजूरी दे देनी चाहिए।

पूर्व कप्तान अजित पाल सिंह ने भी इसका समर्थन किया है। हालांकि दोनों ही व्यक्तियों का मानना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खेलने की मंजूरी देना प्रशासनिक मामला है और एचआईएल के अधिकारियों को इस संबंध में भारत सरकार के निर्देशों का पालन करना चाहिए।

सरदार सिंह ने कहा, “पाकिस्तान में अच्छे खिलाड़ी हैं और उन्हें एचआईएल में हिस्सा लेने की अनुमति मिलनी चाहिए। एचआईएल में अच्छे खिलाड़ियों का हिस्सा लेना बेहद जरूरी है। लेकिन मैं परिस्थितियों को भी अच्छी तरह समझ रहा हूं और इस मामले में सरकार के निर्देश का पालन जरूरी है।”

अजित पाल ने भी सरदार का समर्थन करते हुए कहा कि हॉकी को बढ़ावा देने के लिए भारत और पाकिस्तान को द्विपक्षीय सीरीज खेलना चाहिए।

उन्होंने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर मैं कहना चाहूंगा कि इसे मंजूरी दी जानी चाहिए। लेकिन परिस्थितियों को भी समझने की जरूरत है।”

उल्लेखनीय है कि 2013 में हुए एचआईएल के पहले संस्करण में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के नौ खिलाड़ी आए थे, लेकिन कुछ राजनीतिक संगठनों के विरोध प्रदर्शन के कारण उन्हें टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही लौटना पड़ा था।

उसके बाद से दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तान के किसी भी खिलाड़ी ने एचआईएल में हिस्सा नहीं लिया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493