नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सुबह कोहरा छाया रहा, जिसके कारण 50 से अधिक रेलगाड़ियों में देरी हुई, जबकि कुछ रेलगाड़ियों को रद्द करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, दिल्ली आने वाली 51 रेलगाड़ियों में देरी है, जबकि यहां से खुलने वाली छह रेलगाड़ियों का समय बदला गया है और छह अन्य को रद्द कर दिया गया है।
इधर, भारत मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “सुबह में हल्का कोहरा था और 8.30 बजे दृश्यता 600 मीटर दर्ज की गई। दोपहर के बाद आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।”
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सुबह सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। वातावरण में आद्र्रता सुबह 8.30 बजे 88 प्रतिशत दर्ज की गई।
इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath