मेलबर्न, 20 जनवरी (आईएएनएस)। चीन की झेंग जी को मंगलवार को आस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के पहले दौर में चीनी ताइपे की चांग काइ-चेन से सीधे सेटों में हार कर बाहर होना पड़ा। झेंग की उम्मीद अब महिला युगल वर्ग पर टिकी हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार झेंग को चांग ने 1-6, 2-6 से हराया।
हार के बाद 31 वर्षीय झेंग ने कहा, “मैं कोर्ट में सहज तरीके से नहीं खेल पा रही थी। बीते वर्ष के आखिर में मेरा एक ऑपरेशन हुआ था और इस कारण मैं पिछले कुछ दिन अभ्यास भी नहीं कर सकी।”
झेंग पहली वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी हैं जो किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहीं। वह विंबलडन-2008 के अंतिम-चार में पहुंचने में सफल रहीं थी।
झेंग आस्ट्रेलियन ओपन-2010 के सेमीफाइनल में भी पहुंचने में भी कामयाब रहीं थी।
महिला युगल वर्ग में झेंग अब चीनी ताइपे की चान युंग-जान के साथ खेलेंगी।
युगल वर्ग में युंग के साथ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए झेंग ने कहा, “हमने साथ खेलते हुए हमेशा बेहतर प्रदर्शन किया है। दरअसल, मुझे युगल वर्ग से ज्यादा उम्मीदें हैं क्योंकि यहां एकल वर्ग की तरह ज्यादा दबाव नहीं होता। मुझे आशा है कि हम अच्छा खेलेंगे।”
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath