नेपाल में माओवादियों की हड़ताल से जनजीवन अस्त-व्यस्त

काठमांडू, 20 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल में एकीकृत कम्युनिस्ट पार्टी (नेपाल-माओवादी) और कम्युनिस्ट पार्टी (नेपाल-माओवादी) द्वारा आहूत देशव्यापी हड़ताल से नेपाल भर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगहों से टकराव और तोड़फोड़ की सूचनाएं भी मिली है।

स्कूल और बाजार बंद रहे तथा यातायात के साधनों की कमी रही। इस कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पैदल ही चलकर पहुंचना पड़ा।

हड़ताल थोपने वालों और इसके विरोधियों के बीच टकराव टकराव को टालने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए काठमांडू एवं अन्य बड़े शहरों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

राजनीतिक समझौते, मध्यस्थता और सर्वसम्मति से नया संविधान लागू करने की मांग करते हुए माओवादी गठबंधन ने नेपाली कांग्रेस एवं नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी-एकीकृत मार्क्‍सवादी लेनिनवादी (सीपीएन-यूएमएल) की साझा सरकार पर नए संविधान का मसौदा लाने के लिए मतदान नहीं थोपने का दबाव डालने के लिए मंगलवार को आम हड़ताल की घोषणा की थी।

हड़ताल समर्थकों और पुलिस के बीच संविधान सभा के समीप उस समय टकराव हुआ जब प्रदर्शनकारियों ने प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया।

स्थानीय प्रशासन ने नौ क्षेत्रों को संवेदनशल घोषित कर रखा है जहां किसी भी तरह के प्रदर्शन, बड़ी बैठकों और सभाओं पर प्रतिबंध लगा है।

मीडिया की खबरों में बताया गया है कि पुलिस लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

हड़ताल समर्थकों ने मध्य-पश्चिमी कस्बे नेपालीगंज में एक स्कूल में तोड़फोड़ की और पर्यटकों के बीच लोकप्रिय शहर पोखरा में एक बस को आग लगा दी।

प्रदर्शनकारियों ने प्रेस और राजनयिक मिशन के वाहनों में तोड़फोड़ की। इसके अलावा मीडिया के लोगों आौर छायाकारों एवं टीवी चैनल के दल के सदस्यों पर हमला किया। ये लोग आम हड़ताल की रिपोर्टिग करने के लिए मौके पर तैनात किए गए थे।

कई टैक्सी, बसें, स्कूटर और बाइक में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को देश के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया है।

नेपाल पुलिस के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि मौजूदा स्थिति के बारे में कुछ भी अनुमान लगाना मुश्किल है और संपत्तियों के तोड़फोड़ व क्षति की संपूर्ण तस्वीर अभी तक नहीं मिली है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493