केजरीवाल ने किया रोड शो, बुधवार को करेंगे नामांकन (लीड-1)

नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के रोड शो में हजारों की भीड़ जुटी, जिस कारण केजरीवाल नामांकन दाखिल करने देरी से पहुंचे। रोड शो के कारण केजरीवाल जिलाधिकारी के दफ्तर समय से नहीं पहुंच पाए, जिसकी वजह से वह मंगलवार को नई दिल्ली से नमांकन दाखिल नहीं कर पाए।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सात जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए अब बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

वाल्मीकि मंदिर से शुरू हुए केजरीवाल के रोड शो को जंतर-मंतर पर समाप्त होना था। जंतर-मंतर से कुछ किलोमीटर पहले गोल मार्केट में पुलिस ने उनके रोड शो को रोक लिया।

केजरीवाल को शाहजहां रोड स्थित जिलाधिकारी के दफ्तर अपरान्ह दो बजे तक पहुंचना था, लेकिन वह जिलाधिकारी के दफ्तर देर से पहुंचे।

केजरीवाल के सहयोगी ने कहा, “अब वह कल (बुधवार) नामांकन दाखिल करेंगे। जब तक हम जिलाधिकारी के दफ्तर पहुंच पाते उससे पहले ही नामांकन का समय समाप्त हो गया था।”

इससे पहले केजरीवाल ने वाल्मीकि मंदिर से पार्टी सहयोगी मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के साथ रैली शुरू की। रोड शो के दौरान वे एक ट्रक की छत पर दिखाई दिए। वाल्मीकि मंदिर वही स्थान है, जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी।

रोड शो के दौरान केजरीवाल के साथ उनके माता-पिता भी मौजूद थे।

गांधी टोपी पहने और हाथों में झाडू लिए हजारों समर्थक रोड शो में शामिल हुए, जिस कारण कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही।

जैसे-जैसे रोड शो आगे बढ़ रहा था, आप के समर्थकों की संख्या भी बढ़ती जा रही थी, जिस कारण राजधानी दिल्ली में सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

इस बार के चुनाव में केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस की किरण वालिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नूपुर शर्मा से चुनौती मिलेगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493