आस्ट्रेलियन ओपन : सेरेना, क्वितोवा, रादवांस्का दूसरे दौर में

मेलबर्न, 20 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल वर्ग में मंगलवार को शीर्ष वरीय अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने आसान जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

सेरेना के अलावा मंगलवार को महिला एकल वर्ग के पहले दौर में चौथी वरीय चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा, छठी वरीय पोलैंड की एग्निएस्का रादवांस्का भी जीत हासिल करने में कामयाब रहीं।

पांच बार आस्ट्रेलियन ओपन विजेता रह चुकीं विलियम्स ने मार्गरेट कोर्ट अरेना में हुए पहले दौर के मुकाबले में बेल्जियम की एलिसन वान यूतवानिक को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-4 से मात दे दी।

सेरेना ने पहला सेट मात्र 21 मिनट में बिना एक भी गेम गंवाए जीतकर धमाकेदार शुरुआत की। दूसरे सेट में यूतवानिक जरूर थोड़ा संघर्ष करने में सफल रहीं और सेरेना को दूसरा सेट जीतने में 41 मिनट लगे।

सेरेना ने एलिसन के दो के मुकाबले 11 एस लगाए। साथ ही विलियम्स ने 21 विनर्स भी जड़े, वहीं एलिसन केवल आठ विनर्स लगाने में कामयाब रहीं।

दूसरी ओर क्वितोवा को भी नीदरलैंड्स की रिचेल होगेनकैंप को हराने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी। उन्होंने केवल 63 मिनट में 6-1, 6-4 से जीत दर्ज की। पहली बार आस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा ले रहीं रिचेल 31 के मुकाबले केवल चार विनर्स लगा सकीं।

रादवांस्का ने भी एक आसान मैच में केवल 63 मिनट में 39वीं वरीय जापान की कुरुमी नारा को 6-3, 6-0 से मात दे दी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493