बेहतर मुख्यमंत्री बनेंगी किरण बेदी : शांति भूषण (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के संस्थापक सदस्य शांति भूषण ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुख्यमंत्री उम्मीदवार किरण बेदी चुनावी बिसात पर ‘तुरुप का पत्ता’ हैं। उनका कहना है कि किरण आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से बेहतर मुख्यमंत्री साबित होंगी।

केजरीवाल ने शांति भूषण की इस टिप्पणी को यह कहते हुए नजरअंदाज कर दिया कि इससे कोई नुकसान नहीं होगा।

शांति भूषण ने कहा, “किरण व अरविंद दोनों अन्ना के आंदोलन का हिस्सा थे। यह यकीनन भाजपा का ‘मास्टर स्ट्रोक’ है, क्योंकि यह अन्ना के आंदोलन की एक सफलता है।”

उन्होंने कहा, “लोग ईमानदार छवि वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाला एक योद्धा मुख्यमंत्री बनता है, तो लोगों को खुशी होगी।”

भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के नेतृत्व में चलाए गए जन लोकपाल आंदोलन व इंडिया एगेंस्ट करप्शन आंदोलन का हिस्सा रहे हैं।

भूषण ने समाचार चैनल ‘टाइम्स नाउ’ को बताया, “शायद वह (किरण) एक बेहतर मुख्यमंत्री बनेंगी।”

आप संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भूषण के इस बयान को यह कहते हुए नजरअंदाज कर दिया कि इससे केवल पार्टी का अंदरूनी लोकतंत्र का पता चलता है।

भूषण के बयान के बारे में सवाल पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा, “इस टिप्पणी से कोई नुकसान नहीं हुआ है क्योंकि इससे जाहिर होता है कि पार्टी के अंदर एक लोकतंत्र है और हर कोई अपने विचार रखने के लिए स्वतंत्र है।”

उन्होंने कहा, “हमारे पास पार्टी में एक अंदरूनी लोकपाल है। शांति जी ने भी कई शिकायतें भेजी हैं और लोकपाल ने उन पर गौर किया है। अगर उन्हें और शिकायतें हैं, तो वह लोकपाल से संपर्क कर सकते हैं।”

भूषण ने यहां तक कहा कि केजरीवाल ने किरण को मुख्यमंत्री पद की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया।

भूषण ने कहा, “केजरीवाल ने पिछले साल किरण को मुख्यमंत्री पद की पेशकश की थी। इसका मतलब है कि उन्हें लगा कि वह एक बेहतर मुख्यमंत्री बनेंगी, लेकिन वह आप में शामिल नहीं हुईं। मेरे खयाल से उनके मन में शुरुआत से ही भाजपा की तरफ झुकाव था। वह अगर आप के साथ होती व मुख्यमंत्री बनती, तो मुझे ज्यादा अच्छा लगता।”

पूर्व कानून मंत्री ने कहा कि आप में टिकट बंटवारा दोषपूर्ण रहा है।

उन्होंने कहा, “केजरीवाल ने जीतने की क्षमता रखने वालों को ही टिकट दिया है।”

उन्होंने कहा कि आप की कोशिश है कि देश में स्वच्छ राजनीति की स्थापना की जाए और एक मायने में उसे इस रूप में सफलता मिली है कि भाजपा को बेदी को पार्टी में शामिल करना पड़ा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493