अस्पताल में घायलों से मिले प्रधानमंत्री मोदी, घटनास्थल पर टूटे पुल का किया निरीक्षण

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार दोपहर बाद वायुसेना के हेलिकॉप्टर से मोरबी पहुंचे। जहां से पीएम का काफिला सीधे मच्छु नदी के किनारे पहुंचा। दुर्घटनास्थल पर जाकर पीएम ने टूटे पुल समेत हालात का निरीक्षण किया। उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी मौजूद थे।

हर्ष संघवी ने प्रधानमंत्री को रविवार को हुए हादसे के स्थल समेत ब्रिज के बारे में जानकारी दी। करीब 15 मिनट पर पुल के एक छोर पर रहने के बाद पीएम का काफिला सिविल अस्पताल गया। सिविल अस्पताल में जाने से पहले वे राहत व बचाव कार्यों में जुटे लोगों से मिले। उन्होंने एनडीआरएफ टीम के सदस्यों समेत प्रशासन के अन्य अधिकारियों से भी बातचीत की।

इसके बाद वे सिविल अस्पताल में भर्ती 6 लोगों से मिले। घायलों के समीप खड़े उनके परिजनों से भी बातचीत की। पीएम मोदी ने सिविल अस्पताल में ही हादसे में मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया। पीएम ने हादसे में मारे गए 23 मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

केन्द्र सरकार की ओर से सभी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं राज्य सरकार ने भी अपनी ओर से हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

रविवार को मोरबी के करीब 140 साल पुराने झूलते पुल के टूटने से अब तक 135 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग अभी लापता है। घटना में 177 लोगों को बचाया गया है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493