दिल्ली में भाजपा को जिताएं प्रवासी : अमित शाह

नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को दिल्ली में मध्यप्रदेश के प्रवासी लोगों से अपील करते हुए कहा कि पार्टी के विकास के संदेश को सभी कोनों में पहुंचाएं और सात फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करें।

यहां तालकटोरा मैदान में ‘मध्य प्रदेश मित्र मंडल महासम्मेलन’ में 2,000 से अधिक लोगों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि वे भाजपा के सच्चे सदस्य बनें और पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी का समर्थन करें।

शाह ने कहा, “भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो विकास में भरोसा रखती है, फिर चाहे वह जनधन योजना हो अथवा अनधिकृत कालोनियों का नियमन। मैं चाहता हूं कि आप सभी इस संदेश को दिल्ली के सभी कोनों में पहुंचाएं।”

उन्होंने कहा, “किरण बेदी के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने पर मैं आपको सुनिश्चित करता हूं कि आपकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।”

भाजपा अध्यक्ष ने इस दौरान विपक्षी पार्टियां कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर भी हमला बोला।

शाह ने कहा, “एक पार्टी भ्रष्ट है (कांग्रेस) और दूसरी पार्टी (आप) अराजक है। क्या आप चाहते हैं कि इस तरह के लोग सत्ता में आएं।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी महासम्मेलन में मौजूद लोगों से समर्थन मांगा और कहा कि भाजपा के शासनकाल में जिस तरह का विकास उनके गृह राज्य में हुआ है ठीक उसी तरह का विकास दिल्ली में होगा और दिल्ली एक विश्वस्तरीय शहर बनेगी।

शिवराज ने कहा, “अगर आप भाजपा को वोट देकर सत्ता में लाते हैं, तो दिल्ली का विकास होने से कोई नहीं रोक सकता।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493