हिमाचल : युवक कांग्रेस-भाजयुमो झड़प की रिपोर्ट तलब

शिमला, 30 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कल्याण सिंह ने शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुमार को सम्मन जारी करते हुए गुरुवार को युवक कांग्रेस और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प की रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ गुरुवार को युवक कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान दोनों समूह के 12 कार्यकर्ता घायल हो गए थे।

आधिकारिक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि डीजीपी के अतिरिक्त सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.आर.मार्डी और पुलिस अधीक्षक डी.डब्ल्यू नेगी को भी सम्मन जारी कर घटना के संबंध में रिपोर्ट पेश करने को कहा है।

इससे पहले विपक्षी पार्टी भाजपा के नेताओं ने कल्याण सिंह से यहां मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा, जिसमें मुख्यमंत्री के बेटे के नेतृत्व में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से इनके कार्यकर्ताओं पर किए गए हमले को लेकर सरकार के इस्तीफे की मांग की।

ज्ञापन के मुताबिक, हर किसी को लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ भाजपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन को किस तरह न्यायोचित ठहराया जा सकता है।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य के नेतृत्व में प्रदर्शन होने से ऐसा लगता है कि यह साजिश थी।

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने ज्ञापन सौंपा।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को हुई झड़प में युवक कांग्रेस और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता घायल हो गए थे।

प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय की खिड़कियों में लगी कांच तोड़ दी थी।

ज्ञापन के अनुसार, “यह घटना मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुए हैं, प्रदर्शनकारी छड़ी, पत्थर और खाली बोतल लेकर आए थे। इसकी जानकारी पुलिस प्रमुख को भी थी, लेकिन घटना को रोकने के कोई उपाय नहीं किए गए। यहां तक कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया गया।”

ज्ञापन में कहा गया है कि घटना में भाजपा के 12 कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

भाजपा ने दो पृष्ठों के अपने ज्ञापन में घटना की न्यायिक जांच की भी मांग की है।

इस बीच, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घटना की निंदा की है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण तरीक से प्रदर्शन कर रहे थे।

चौहान ने बयान जारी कर कहा, “ऐसा लगता है कि भाजपा नेता कुछ मुद्दों की तलाश में हैं, जिसके कारण पार्टी के कार्यकर्ताओं ने युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पूर्व नियोजित तरीके से पथराव किया, जो कि वहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।”

चौहान ने कहा कि युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता धूमल को प्रदर्शन की जानकारी दी थी और उन्हें शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त किया था।

उन्होंने कहा, “लेकिन भाजपा कार्यकताओं ने युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पथराव कर इस उद्देश्य को असफल कर दिया, जिससे दोनों कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने लगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493