मेलबर्न, 3 फरवरी (आईएएनएस)। लंबे समय से पीठ की चोट से ग्रसित रहे आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन शनिवार को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्हें शेफिल्ड शील्ड टूर्नामेंट के तहत क्वींसलैंड बुल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए विक्टोरियन बुशरेंजर्स टीम में शामिल किया गया है। यह मैच ब्रिस्बेन के गाबा मैदान में खेला जाना है।
पैटिंसन जनवरी 2013 के बाद पहली बार शील्ड टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। इससे पहले इसी सत्र में पैटिंसन बिग बैश टी-20 लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से पांच मैच खेल चुके हैं।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया के कार्यकारी महाप्रबंधक पैट होवार्ड ने इस पर खुशी जताते हुए कहा, “हमें खुशी है कि जेम्स छह महीने की कड़ी मेहनत और अपने नए गेंदबाजी एक्शन के साथ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि वह अच्छा प्रदर्शन करें और वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के आगामी दौरे के लिए उपलब्ध रहें।”
पैटिंसन ने भी वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी कोशिश अगले तीन मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर अपना नाम आगामी कैरेबियाई दौरे के लिए अपना नाम आगे बढ़ाने का होगा।
dharmpath.com dharmpath