लाउड स्पीकर प्रतिबंध: धार्मिक स्थलों पर अब नहीं बजेंगे लाऊड स्पीकर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पहला आदेश

भोपाल:मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहला आदेश जारी किया है। उन्होंने आदेश जारी करते हुए बताया कि धार्मिक और अन्य स्थलों पर नियमों के खिलाफ बजने वाले लाउड स्पीकर पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

आदेश के मुताबिक धर्म गुरुओं से संवाद और समन्वय के आधार पर लाउड स्पीकर को हटाने की कोशिश की जाएगी। ऐसे धार्मिक स्थलों की सूची बनाई जाएगी जहां नियमों/निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है।

तय मानकों से ज्यादा तेज आवाज में लाउड स्पीकर नहीं बजाए जा सकेंगे। शिकायत पर उड़नदस्ता जांच करेगा। जिला स्तर पर तीन सदस्यीय उड़नदस्ता गठित किया जाएगा। शिकायत की जांच 3 दिन में पूरी की जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहली राजनीतिक नियुक्ति की है। रामकृष्ण कुसमरिया को पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। आदेश जारी होते ही कुसमरिया ने पदभार भी संभाल लिया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कार्यभार संभाला। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। साथ ही मुख्य सचिव वीरा राणा भी मौजूद रहीं।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493