पटना-बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है, साथ ही EPIC नंबर भी बदल दिया गया है. पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बड़ी स्क्रीन पर लाइव दिखाया कि जब उन्होंने अपना EPIC नंबर खोजा तो कोई रिकॉर्ड नहीं मिला का संदेश आया. तेजस्वी ने इस पर सवाल उठाया कि जब वे खुद मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं तो चुनाव भी नहीं लड़ सकते. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब मतदाता सूची सत्यापन के लिए बूथ लेवल अधिकारी आए थे तो उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई. ऐसे में यह चुनाव आयोग की बड़ी लापरवाही या साजिश हो सकती है.
तेजस्वी यादव के दावे पर चुनाव आयोग ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में पहले की तरह मौजूद है. आयोग ने यह भी बताया कि तेजस्वी ने जो EPIC नंबर अपने 2020 के चुनावी हलफनामे में दिया था, वही नंबर अभी भी सूची में दर्ज है. पटना के जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तेजस्वी का नाम उसी बूथ पर है जहां से वे पहले वोट डालते थे. उन्होंने कहा कि शायद तेजस्वी किसी अन्य EPIC नंबर को लेकर भ्रमित हो रहे हैं या गलत जानकारी देख रहे हैं. आयोग ने यह भी कहा कि तेजस्वी जिस दूसरे EPIC नंबर की बात कर रहे हैं, वह आधिकारिक रिकॉर्ड में कभी बना ही नहीं था.
dharmpath.com dharmpath