नई दिल्ली – भारत आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. 15 अगस्त को राजधानी दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ध्वजारोहण किया. पीएम मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से ध्वजारोहण किया. अब प्रधानमंत्री मोदी देश को संबोधित कर रहे हैं.
इससे पहले उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को नमन किया. मोदी ने एक्स पर लिखा, “आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. मेरी कामना है कि यह अवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश और नई स्फूर्ति लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिले. जय हिंद!”
सिंधु जल संधि को स्थगित करने के भारत के फैसले पर पड़ोसी पाकिस्तान की ओर से परमाणु हमले की धमकी के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से दिए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि भारत परमाणु ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं करेगा.
उन्होंने आगे घोषणा की कि उनका देश जल संधि से सहमत नहीं है. मोदी ने कहा, “भारत ने तय किया है कि खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे. भारतीय नदियों का पानी दुश्मनों को सींच रहा है. भारत को उसके हक का पानी मिलेगा. इस पर भारत के किसानों का हक है. सिंधु समझौता एकतरफा और अन्यायपूर्ण था. देशहित में यह समझौता मंजूर नहीं.”
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था. पाकिस्तान इस संधि को बहाल करने की मांग कर रहा है.
dharmpath.com dharmpath