नई दिल्ली – देशभर में इस समय मौसम कई रंग दिखा रहा है. एक ओर जहां पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कुछ राज्यों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे मौसमी सिस्टम की वजह से यह असामान्य स्थिति बन रही है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को ओडिशा के सभी 30 जिलों में भारी से मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है. बंगाल की खाड़ी में बने अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते अगले 24 घंटों के भीतर निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है.
इसके असर से ओडिशा के कई जिलों में तेज हवाएं (30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) और गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. खासकर क्योंझर और मयूरभंज जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है.
फिलहाल बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शांत बना हुआ है. आसमान साफ है और वर्षा नहीं हो रही है, लेकिन 25 से 27 सितंबर के बीच मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी से बढ़ती प्रणाली का असर इन इलाकों में भी देखने को मिल सकता है.
दिल्ली और एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने साफ आसमान और धूप की भविष्यवाणी की है. सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रविवार को भी अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है. आने वाले दिनों में भी गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है.
dharmpath.com dharmpath