मंदसौर:गरबा प्रैक्टिस के बीच से महिला का अपहरण, कट्टे की नोक पर पंडाल से उठा ले गए

मंदसौर-मध्य प्रदेश के मंदसौर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां गरबा प्रैक्टिस कर रही एक युवती का अपहरण कर लिया गया। आरोपी गरबा पंडाल से सब के सामने कट्टे की नोक पर उसे उठा ले गए। पीड़िता चिल्लाती रही लेकिन डर के मारे कोई उसे बचाने आगे नहीं आया।

घटना शनिवार रात करीब 10 बजे खानपुरा क्षेत्र स्थित भावसार धर्मशाला की है। यहां महिलाएं और युवतियां नवरात्रि की तैयारी के तहत गरबा की प्रैक्टिस कर रही थीं। इसी दौरान चार युवक और दो महिलाएं वहां पहुंचे और एक युवती को जबरन पकड़ लिया। आरोपी उसे घसीटते हुए बाहर ले गए। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब आरोपियों ने युवती को खींचा तो वहां मौजूद महिलाएं और अन्य लड़कियां डरकर पीछे हट गईं। एक युवती ने उसे छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित महिलाओं ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी युवती को अपने साथ लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर तलाश शुरू की। महज दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया। साथ ही इस अपहरण में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मंदसौर पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला प्रेम विवाह से जुड़ा हुआ है। युवती ने अपनी मर्जी से शादी की थी, लेकिन परिवार के लोग इस विवाह से नाराज थे। इसी कारण उसे जबरन उठाकर ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को थाने लाया गया है और उनके खिलाफ अपहरण व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493