भोपाल-मध्यप्रदेश में जिला प्रभारी मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव अब इंदौर के प्रभारी मंत्री नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को यह जिम्मेदारी सौंप दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार रात इस संबंध में आदेश जारी किया। कश्यप अब भोपाल और राजगढ़ के साथ इंदौर जिले का कामकाज भी देखेंगे। इस तरह उनके पास कुल तीन जिलों का प्रभार हो गया है।
मोहन यादव ने अगस्त 2024 में इंदौर की जिम्मेदारी अपने पास रखी थी। मध्यप्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका था जब किसी मुख्यमंत्री ने खुद किसी जिले के प्रभारी मंत्री की भूमिका संभाली थी। इससे पहले मुख्यमंत्री आमतौर पर यह जिम्मेदारी कैबिनेट सहयोगियों को देते रहे हैं। करीब ढाई साल तक इंदौर का प्रभार संभालने के बाद अब मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी दूसरे मंत्री को सौंप दी है।
बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली में थे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी। कृषि भवन में शिवराज सिंह चौहान के साथ मध्यप्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल और एंदल सिंह कंसाना भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के दिल्ली से वापस लौटने के बाद रात में सामान्य प्रशासन विभाग ने इंदौर के प्रभारी मंत्री को बदलने का आदेश जारी कर दिया।
dharmpath.com dharmpath