वाशिंगटन-अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर रूस लगातार तनाव बढ़ाता रहा तो वे पोलैंड और बाल्टिक देशों की मदद करके उनका बचाव करेंगे. रविवार को एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या अमेरिका, रूस की सीमा पर स्थित अपने नाटो सहयोगियों की मदद करेगा, तो ट्रंप ने कहा, “हां, मैं करूंगा. मैं करूंगा.”
एरिजोना राज्य में कंजरवेटिव इंफ्लुएंसर चार्ली कर्क की स्मृति सभा में शामिल होने से पहले दिया गया यह जवाब ऐसे समय पर आया है जब यूरोप में रूसी आक्रामकता को लेकर नाटो सहयोगियों की ओर से दबाव बढ़ा है. लिथुएनिया, एस्टोनिया और चेक गणराज्य समेत कई देशों ने नाटो से रूसी उकसावे का मजबूत जवाब देने की बात कही है. इसमें, गठबंधन की सीमाओं का उल्लंघन करने वाले रूसी विमानों को मार गिराना भी शामिल है.
रूस ने शुक्रवार को एस्टोनिया के नाटो हवाई क्षेत्र का 12 मिनट तक उल्लंघन किया. सितंबर की शुरुआत में, कुल 19 ड्रोन पोलैंड के हवाई क्षेत्र में घुस आए थे, जिसकी वारसॉ समेत सारे नाटो सहयोगियों ने कड़ी आलोचना की थी.
dharmpath.com dharmpath