भोपाल– वैसे तो देश भर में 1 और दो रुपए के सिक्के चल रहे हैं। लेकिन मध्यप्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां के दो जिलों में 1 और 2 रुपए के सिक्के दुकानदार नहीं ले रहे हैं। वो जिले हैं श्योपुर और कटनी, जी हां। श्योपुर में तो भारतीय मुद्रा के 1 और 2 रुपये के सिक्कों का चलन पूरी तरह से बंद हो गया है। जिले के बाज़ारों में अब इन सिक्कों का दिखना भी बंद हो गया है। नतीजा यह है कि छोटी-मोटी चीज़ें खरीदने पर लोगों को मजबूरी में सीधे 5 या 10 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। आमजन तो 1 या दो का सिक्का ले लेते हैं, लेकिन दुकानदार किसी भी कीमत पर ये मुद्रा नहीं लेते।
श्योपुर और कटनी जिलों में कई ऐसी दुकानें आपको मिल जाएंगी, जहां पर टॉफी, माचिस, सुपारी, शैंपू या ब्लेड जैसी 1–2 रुपये की वस्तुओं के लिए दुकानदार 5 रुपये से कम नहीं ले रहे। ये तो छोड़िए, अगर आप समोसे खाने जा रहे हैं तो उसके लिए भी शर्त यही है कि आपके पास 5 या दस के सिक्के या नोट हों। 1 और 2 रुपए के सिक्के का चलन मनमर्जी से कम करने पर गरीब तबका और आमजन हर रोज़ अतिरिक्त खर्च उठाने को मजबूर है।
dharmpath.com dharmpath