दुबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी ने रविवार को इस बात की पुष्टि कर दी कि विश्व कप 2015 तकनीकी समिति ने चोटिल इशांत शर्मा के स्थान पर मोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल करने की अनुमति दे दी है।
तेज गेंदबाज इशांत चोटिल होने के कारण विश्व कप से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने शनिवार को इसकी पुष्टि की थी और साथ ही मोहित को इशांत की जगह टीम में शामिल करने की अनुमति मांगी थी।
इशांत को घुटने में चोट है और वह समय रहते फिट नहीं हो सकेंगे। वह अगले हफ्ते भारत लौटेंगे। मोहित टीम के साथ आस्ट्रेलिया में ही हैं। बीसीसीआई ने मोहित को इशांत का स्टैंडबाई घोषित किया था।
शनिवार को चार खिलाड़ियों-इशांत, रोहित शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और रवींद्र जडेजा ने फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया था।
भारत को अपना पहला मैच पाकिस्तान के साथ 15 फरवरी को खेलना है। भारत मौजूदा चैम्पियन है।
dharmpath.com dharmpath