सागर- मध्यप्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार रात करीब 8.30 बजे शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट पर ड्यूटी पर तैनात 25 वर्षीय नर्स दीपशिखा चढ़ार की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। अस्पताल परिसर के बाहर हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दीपशिखा चढ़ार पिछले करीब दो सालों से शाहगढ़ में रहकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दे रही थी। बुधवार रात वह ड्यूटी पर मौजूद थी और जैसे ही स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट के पास पहुंची उसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने पहले उन्हें धक्का देकर गिराया और फिर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दी। इनमें से एक गोली उनकी पीठ में लगी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की गंभीरता इस बात से भी उजागर होती है कि वारदात स्थल से शाहगढ़ पुलिस थाना मात्र 200 मीटर की दूरी पर है और पास में मुख्य बस स्टैंड होने के कारण यह क्षेत्र आमतौर पर भीड़भाड़ वाला रहता है। इसके बावजूद आरोपी खुलेआम वारदात को अंजाम देकर जंगल की ओर फरार हो गया जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
dharmpath.com dharmpath