हरदा-मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य में कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है। इस भीषण गर्मी में भी समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग और मक्का की खरीदी करने सहित अन्य मांगों को लेकर हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर हरदा पहुंचे हैं। किसानों ने इंदौर रोड हनुमान मंदिर खंडवा बाईपास चौराहे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
हरदा में मंगलवार का तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। इस भीषण गर्मी में भी खुले में किसानों का 16 सूत्रीय मांगों को लेकर ‘घेरा डालो डेरा डालो किसान क्रांति आंदोलन’ जारी है। गेहूं और मूंग की खरीदी में आ रही समस्याओं को लेकर हरदा, देवास, नर्मदापुरम और खंडवा जिले के किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ कृषि मंडी में जमा हुए हैं।
हालात को देखते हुए कलेक्ट्रेट-मंडी क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने 5 बटालियनों के 1100 जवान तैनात किए गए हैं। आंदोलन को लेकर किसान नेता सुनील गोल्या ने बताया कि किसान अपनी ट्रॉलियों में घर से आटा, दाल और अन्य खाद्य सामग्री लेकर आए हैं। वे मंडी समेत अन्य स्थानों पर दाल-बाटी बनाकर खाएंगे।
कृषि उपज मंडी में चल रहे किसान आंदोलन के दौरान एसडीएम अशोक डेहरिया किसानों से चर्चा के लिए पहुंचे थे। लेकिन किसानों ने कहा कि वे अपनी सभी मांगों को लेकर नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपेंगे। जबकि एसडीएम ने कहा कि कलेक्टर चर्चा के लिए तैयार है। इसके बाद किसानों ने ज्ञापन सौंपने से मना कर दिया।
dharmpath.com dharmpath