भोपाल-मध्यप्रदेश में दो से अधिक संतान संबंधी नियम के तहत एक सरकारी अधिकारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पंजीयन विभाग ने सिंगरौली में पदस्थ सब रजिस्ट्रार अशोक सिंह परिहार को नौकरी से हटाने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दो से अधिक संतान के आधार पर सरकारी कर्मचारियों की नौकरी नहीं जाने देने की बात कही थी।
पंजीयन विभाग के महानिरीक्षक (आईजी) अमित तोमर ने गुरुवार को बर्खास्तगी का आदेश जारी किया था। आदेश शुक्रवार को सार्वजनिक रूप से सामने आया। विभागीय जांच में यह पाया गया कि शासकीय सेवा के दौरान परिहार की तीसरी संतान का जन्म हुआ था। जिसके बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि अशोक सिंह परिहार की तीसरी संतान का जन्म सेवा अवधि के दौरान हुआ है। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया और फिर विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए। जांच अधिकारी के रूप में वरिष्ठ जिला पंजीयक जबलपुर पवन अहिरवार को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
dharmpath.com dharmpath